लोकप्रिय पोस्ट

सोमवार, 16 दिसंबर 2024

Theatrical Novel - 08

 

 

अध्याय 8

सुनहरा घोड़ा 

 

“हाँ,” धूर्तता से रहस्यमय ढंग से आंखें सिकोड़ते हुए ईल्चिन  ने दुहराया, “मैंने आपका उपन्यास पढ़ लिया है.”

मैंने आंखें फाड़कर वार्तालाप कर रहे व्यक्ति को देखा, जो कभी प्रकाशित हो जाता, तो कभी बुझ जाता. खिड़कियों के पीछे पानी के थपेड़े बह रहे थे. ज़िंदगी में पहली बार मैंने अपने सामने पाठक को देखा था.

“मगर आपने उसे हासिल कैसे किया? देखिये....किताब...” मेरा इशारा उपन्यास की ओर था...

“आप ग्रीशा ऐवाज़ोव्स्की को जानते हैं?”

“नहीं.”

ईल्चिन  ने भंवे ऊपर उठाईं, उसे अचरज हुआ.

“ग्रीशा फ्रेंड्स ग्रुप कगोर्ता में साहित्यिक विभाग का प्रभारी है.”

“और ये कगोर्ता क्या है?”

ईल्चिन  को इतना अचरज हुआ, कि वह बिजली का इंतज़ार करने लगा, ताकि मुझे अच्छी तरह देख सके.

बिजली चमकी और लुप्त हो गयी, और ईल्चिन ने आगे कहा:

“कगोर्ता – एक थियेटर है. क्या आप वहाँ कभी नहीं गए?”

“मैं किसी भी थियेटर में नहीं गया हूँ. देखिये, आप तो जानते हैं कि मैं हाल ही में मॉस्को आया हूँ.”

तूफ़ान का ज़ोर कम हो गया, और दिन वापस लौटने लगा. मैं देख रहा था, कि मैं ईल्चिन में एक खुशनुमा अचरज जगा रहा हूँ.

“ग्रीशा बेहद खुश था,” ना जाने क्यों और भी रहस्यमय ढंग से ईल्चिन ने कहा, और मुझे किताब दी. बढ़िया उपन्यास है.”

ये नहीं समझते हुए कि ऐसे हालात में क्या करना है, मैंने झुककर ईल्चिन का अभिवादन किया.

“और जानते हैं, कि मेरे दिमाग़ में क्या ख़याल आया,” रहस्यमय ढंग से अपनी बाईं आंख को सिकोड़ते हुए ईल्चिन फुसफुसाया, “ इस उपन्यास से आपको एक नाटक लिखना चाहिए!” 

‘किस्मत की मेहेरबानी!’ मैंने सोचा और कहा:

“आप जानते हैं, मैंने उसे लिखना शुरू कर दिया है.”

ईल्चिन को इतना आश्चर्य हुआ की वह दाएं हाथ से बायां कान खुजाने लगा और उसने और ज़्यादा ताकत से आंखें सिकोड़ लीं.  उसने, शायद, पहले तो इस संयोग पर विश्वास ही नहीं किया, मगर फ़ौरन अपने आप पर काबू पा लिया.

“अद्भुत, अद्भुत! आप निरंतर लिखते रहिये, पल भर के लिए भी न रुकिए. क्या आप मीशा पानिन को जानते हैं?”

“नहीं.”

“हमारे साहित्य विभाग का प्रमुख.”

“ओहो.”

ईल्चिन ने आगे कहा, कि चूंकि पत्रिका में उपन्यास का सिर्फ एक तिहाई भाग प्रकाशित हुआ है, और आगे क्या हुआ, यह जानना नितांत आवश्यक है, इसलिए मुझे इस आगे के भाग को पांडुलिपि से उसे और मीशा को पढ़कर सुनाना है, और साथ ही एव्लाम्पिया पित्रोव्ना को भी, और, अपने अनुभव से सीखकर, उसने यह भी नहीं पूछा कि क्या मैं उसे जानता हूँ, बल्कि खुद ही समझाया की यह महिला-डाइरेक्टर है.

ईल्चिन की सभी योजनाओं से मैं बेहद उत्तेजित हो गया.

और वह फुसफुसाता रहा:

“आप नाटक लिखिए, और हम उसका मंचन करेंगे। ये होगी बढ़िया बात! आँ ?”

मेरा सीना उत्तेजना से धड़धड़ा रहा था, मैं दोपहर के तूफ़ान के नशे में था, किन्हीं पूर्वानुमानों से परेशान था. और ईल्चिन ने कहा:

“और, पता है, शैतान न जाने क्या-क्या गुल खिलाये, हो सकता है, बूढ़ा अचानक राज़ी हो जाए...आँ?”

यह जानकर की मैं बूढ़े को भी नहीं जानता, उसने सिर हिलाया, और उसकी आंखों में भाव था: “ये है मासूम बच्चा!”

“इवान वसील्येविच!” वह फुसफुसाया. “इवान वसील्येविच! क्या? आप उसे नहीं जानते? क्या आपने नहीं सुना की वह ‘इन्डिपेंडेंट’ का प्रमुख है?” और आगे बोला: अच्छा, अच्छा.”

मेरे दिमाग में सब कुछ घूम रहा था, और ख़ासकर इस वजह से कि आसपास की दुनिया मुझे न जाने क्यों परेशान कर रही थी. जैसे हाल ही के सपनों में मैं उसे पहले ही देख चुका हूँ, और अब उसमें पहुँच गया हूँ.

मैं और ईल्चिन कमरे से बाहर निकले, भट्टी वाले हॉल को पार किया, और ये हॉल मुझे इतना पसंद आया, मानो मैं खुशी के नशे में झूम रहा हूँ. आसमान साफ़ हो गया था, और अचानक लकड़ी के फर्श पर प्रकाश की किरण रेंग गयी. और फिर हम कुछ अजीब से दरवाजों के पास से गुज़ारे, और, मेरी दिलचस्पी देखकर, ईल्चिन ने लुभाने वाले अंदाज़ में उंगली से भीतर की ओर इशारा किया. कदमों की आहट गायब हो गयी, सन्नाटा और भूमिगत अन्धेरा छा गया. मेरे साथी के संरक्षक हाथ ने मुझे बाहर खींचा, लंबे, आयताकार हिस्से में कृत्रिम रूप से रोशनी हो रही थी – ये मेरे साथी ने भारी परदे हटाये, और हम करीब तीन सौ सीटों वाले दर्शक हॉल में पहुंचे. छत के नीचे झूमर में दो लैम्प मंद-मंद जल रहे थे, परदा खुला था, और स्टेज खुला-खुला था. वह गंभीर, रहस्यमय और खाली था. उसके कोनों में अन्धेरा था, और बीच में कुछ-कुछ चमकते हुए, पिछली टांगों पर खड़ा था, सुनहरा घोड़ा.

“आज हमारा छुट्टी का दिन है,” ईल्चिन गंभीरता से फुसफुसाया, जैसे मंदिर में हो, फिर वह दूसरे कान के पास आया और कहता रहा, “ नौजवानों में नाटक लोकप्रिय होगा, इससे बढ़िया चीज़ की तो उम्मीद ही नहीं कर सकते. आप इस बात पर ध्यान न दीजिये कि हॉल छोटा नज़र आ रहा है, असल में वह बड़ा ही है, और यहाँ आवक, वैसे, पूरी-पूरी होती है. और अगर बूढ़ा ज़िद पर अड़ जाए, तो क्या पता, वह बड़े स्टेज पर भी पहुँच जाए! आ?”

‘वह मुझे ललचा रहा है,’ मैंने सोचा, और मेरा दिल पूर्वाभास से धड़धड़ा रहा था, और काँप रहा था, - ‘मगर वह सीधे मतलब की बात क्यों नहीं करता है? ये सही है, कि यह बड़ी आवक महत्वपूर्ण नहीं है,  बल्कि महत्वपूर्ण है यह सुनहरा घोड़ा, और बेहद दिलचस्प है यह रहस्यमय बूढा, जिसे मनाया जा सकता है, और सीधा किया जा सकता है, ताकि नाटक चल पड़े...’

“ये दुनिया मेरी है...” मैं फुसफुसाया, इस बात पर ध्यान दिए बिना कि मैं ज़ोर से बोल रहा हूँ.

“आ?”

“नहीं, मैं वैसे ही.”

मैंने ईल्चिन से बिदा ली, जाते-जाते मैंने उससे एक सिफ़ारिशी पत्र लिया:

“आदरणीय प्योत्र पित्रोविच!

कृपया “काली बर्फ” के लेखक के लिए “पसंदीदा” में जगह सुनिश्चित करें”.

भवदीय,

ईल्चिन.”

“इसे ‘काउंटर मार्क’ (फ्री टिकट – अनु.)  कहते हैं,” ईल्चिन ने मुझे समझाया, और मैं ज़िंदगी का पहला ‘काउंटर मार्क’ लिए, बिल्डिंग से बाहर निकला.

उस दिन से मेरा जीवन नाटकीय रूप से बदल गया. दिन में मैं पूरे जोश से नाटक पर काम करता, और दिन की रोशनी में पन्नों से चित्र नहीं प्रकट होते, डिब्बा प्रशिक्षण-मंच के आकार तक विस्तारित हो गया.   

शाम को मैं बेताबी से सुनहरे घोड़े से मुलाक़ात का इंतज़ार करता.

मैं कह नहीं सकता कि नाटक “पसंदीदा” अच्छा था या बकवास. इस बात में मुझे दिलचस्पी भी नहीं थी. मगर इस प्रस्तुतीकरण में कोई अनिर्वचनीय आकर्षण तो था. जैसे ही छोटे से हॉल में रोशनी बुझ जाती, स्टेज के पीछे कहीं संगीत शुरू हो जाता और अठाहरवीं शताब्दी की पोशाकें पहने लोग डिब्बे में बाहर निकलते. सुनहरा घोड़ा स्टेज के किनारे पर खडा था, पात्र कभी-कभी बाहर निकलते और घोड़े के खुरों के पास बैठ जाते या उसकी थूथन के पास भावुक बातचीत करते, और मैं इसका आनंद लेता.

जब प्रस्तुतीकरण समाप्त हो जाता और बाहर आना पड़ता, तो कटु विचार मुझ पर हावी हो जाते. बहुत दिल चाहता था मेरा बिल्कुल वैसा ही कफ्तान पहनने को, जैसा कलाकार पहने थे, और अभिनय में भाग लेने को. उदाहरण के लिए, ऐसा लगता कि कितना अच्छा होता, अगर मैं चेहरे पर बड़ी भारी चपटी नाक चिपकाए, तम्बाकू वाला कफ्तान पहने, छड़ी लिए, हाथ में नसवार लिए अचानक किनारे से बाहर निकलता और कोई बेहद मज़ाकिया बात कहता, और इस मज़ाकिया बात को दर्शकों की सटी हुई पंक्ति में बैठे-बैठे मैंने सोच भी लिया था. मगर मज़ाकिया बात दूसरे कलाकार कह रहे थे, गैरों के द्वारा लिखी गयी, और हॉल कभी-कभार हंस देता. न इससे पहले, न इसके बाद मेरे साथ ऐसा कभी नहीं हुआ, जिसने मुझे इससे बड़ी खुशी दी हो. मैं “पसंदीदा” तीन बार गया, उदास और अंतर्मुख प्योत्र पित्रोविच को विस्मित करते हुए, जो ‘प्रशिक्षण-स्टेज का संचालक’ लिखी छोटी खिड़की में बैठा रहता, जिसमें पहली बार दूसरी पंक्ति में, दूसरी बार – छठी पंक्ति में, और तीसरी बार – ग्यारहवीं पंक्ति में बैठा था. और ईल्चिन नियमित रूप से मुझे नोट्स देता, और मैंने एक और नाटक देखा, जिसमें कलाकार स्पैनिश पोशाकों में बाहर निकलते और जिसमें एक कलाकार ने नौकर की भूमिका इतने शानदार और मज़ाकिया ढंग से निभाई, कि खुशी के कारण मेरे माथे पर पसीने की छोटी-छोटी बूँदें छलक आईं.

फिर मई का महीना आया, और आखिरकार, एक शाम को, एव्लाम्पिया पित्रोव्ना, और मीशा, और ईल्चिन, और मैं एक साथ बैठे. हम इसी प्रशिक्षण-स्टेज की बिल्डिंग के एक संकरे कमरे में आये. खिड़की खुली हुई थी, और शहर ‘बीप-बीप’ की आवाजों से अपने बारे में अनुभव करवा रहा था.

एव्लाम्पिया पित्रोव्ना शाही चेहरे वाली, शाही महिला थी, जिसने कानों में हीरे की बालियाँ पहनी थीं, जबकि मीशा ने अपनी हंसी से मुझे हैरान कर दिया. वह अचानक हंसना शुरू कर देता, - “आह, आह, आह”, तब सब लोग बातचीत बंद कर देते और इंतज़ार करते. जब वह अपनी हंसी बंद करता, तो अचानक बूढा हो जाता, खामोश हो जाता.

‘कैसी मातमी आंखें हैं उसकी,’ मैं अपनी दर्दनाक आदत से कल्पना करने लगता. ‘इसने कभी द्वंद्व-युद्ध में पितीगोर्स्क में अपने दोस्त को मार डाला था,’ – मैं सोच रहा था, ‘और अब वह दोस्त रातों को इसके पास आता है, चाँद की रोशनी में खिड़की के पास सिर हिलाता है.’

मुझे मीशा बहुत अच्छा लगा.

मीशा और ईल्चिन और एव्लाम्पिया पित्रोव्ना अपनी असाधारण सहनशक्ति का परिचय दे रहे थे, और एक ही बैठक में मैंने उपन्यास का वह एक तिहाई भाग पढ़ दिया जो प्रकाशित अंश के बाद आता था. अचानक मेरी आत्मा मुझे कचोटने लगी, और मैं ये कहकर रुक गया, कि आगे सब कुछ स्पष्ट है. देर हो चुकी थी.

श्रोताओं के बीच बातचीत चल रही थी, और, हाँलाकि वे रूसी में बोल रहे थे, मगर वह इतनी रहस्यमय थी, कि मैं कुछ भी समझ नहीं पा रहा था.     

मीशा की आदत थी कि किसी भी बात पर चर्चा करते समय वह कमरे में इधर-उधर भागा करता था, कभी कभी अचानक ठहर भी जाता.

“ओसिप इवानिच?” ईल्चिन ने आंखें सिकोड़ते हुए हौले से पूछ लिया.

“ना-ना,” मीशा ने जवाब दिया और अचानक हंसी से लोटपोट हो गया. हंसने के बाद, उसे फिर से गोली मारे गए व्यक्ति की याद आई और वह गंभीर हो गया.

“आम तौर से वरिष्ठ...” ईल्चिन कहने लगा.

“मैं ऐसा नहीं सोचता,” मीशा बुदबुदाया.

आगे सुनाई दिया:

“मगर सिर्फ गालिनों और सहायक पर तो ज़्यादा नहीं...(ये एव्लाम्पिया पित्रोव्ना थी).

“माफ़ कीजिये,” मीशा ने तेज़ी से कहा और हाथ हिलाने लगा, “मैं कब से इस बात पर ज़ोर दे रहा हूँ, कि इस सवाल को थियेटर में उठाने का समय आ गया है!”

“और ‘सीव्त्सेव व्राझेक’ के बारे में क्या ख़याल है?” (एव्लाम्पिया पित्रोव्ना).

“और ‘इंडिया’ भी, पता नहीं कि इस विषय पर क्या प्रतिक्रिया देगा,” ईल्चिन ने आगे कहा.

“हमें सब कुछ एक ही बार में पेश करना होगा,” ईल्चिन हौले से फुसफुसाया, “वे म्यूजिक से साथ पेश करते हैं”.

 “सीव्त्सेव!” एव्लाम्पिया पित्रोव्ना ने गहरे अंदाज़ में कहा.

अब मेरे चेहरे पर, ज़ाहिर है, पूरी तरह बदहवासी छा गयी, क्योंकि, श्रोताओं ने अपनी समझ में न आने वाली बातचीत रोक दी और मुझसे मुखातिब हुए.

“हम सब तहे दिल से प्रार्थना करते हैं, सिर्गेई लिओन्तेविच, कि नाटक अगस्त तक पूरा हो जाए, ताकि सीज़न के आरम्भ में इसे पढ़ा जा सके.”

मुझे याद नहीं कि मई का महीना कैसे ख़तम हुआ. जून भी दिमाग़ से निकल गया, मगर जुलाई की याद है.

असाधारण गर्मी पड़ने लगी. मैं एक चादर लपेटे निर्वस्त्र बैठा रहता, और नाटक लिखता रहता. जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा था, वैसे-वैसे वह अधिकाधिक मुश्किल होता जा रहा था. मेरा डिब्बा अब आवाज़ नहीं करता था, उपन्यास बुझ गया, और मृतप्राय पड़ा था, जैसा अनचाहा हो. रंगीन आकृतियाँ अब मेज़ पर नहीं हिलती थीं, कोई भी मदद के लिए नहीं आया. अब आंखों के सामने प्रशिक्षण-स्टेज का डिब्बा खडा हो जाता. कलाकार बड़े हो गए और बड़ी आसानी से और प्रसन्नता से स्टेज पर प्रवेश करते, मगर, ज़ाहिर है, मगर वहाँ उन्हें सुनहरे घोड़े के पास इतना अच्छा लगता, कि वे कहीं और जाने को तैयार नहीं थे, और घटनाक्रम आगे बढ़ता जा रहा था, मगर उसका कोई अंत नज़र नहीं आ रहा था. फिर गर्मी कम हो गयी, कांच की सुराही, जिससे मैं उबला हुआ पानी पीता था, खाली हो गयी, उसकी तली पर मक्खी तैर रही थी.  

बारिश होने लगी, अगस्त का महीना आ गया. अब मुझे मीशा पानिन का ख़त मिला. वह नाटक के बारे में पूछ रहा था. 

मैंने हिम्मत बटोरी और घटनाओं के प्रवाह को रोक दिया. नाटक में तेरह दृश्य थे.

रविवार, 17 नवंबर 2024

Theatrical Novel - 07

 

 

 

अध्याय – 7 


ऐसी अजीब परिस्थितियों में सबसे ज़्यादा अक्लमंदी का काम होता यह सब भूल जाना और रुदल्फी के बारे में सोचना बंद किया जाए, और उसके साथ पत्रिका के अंक के गायब होने के बारे भी न सोचा जाए. मैंने ऐसा ही किया.

मगर इससे मुझे आगे जीने की क्रूर ज़रुरत से राहत नहीं मिली. मैंने अपनी पिछली ज़िंदगी पर नज़र डाली.

‘तो,’ मार्च के बर्फानी तूफानों में, केरोसिन लैम्प के पास बैठकर, मैंने अपने आप से कहा,  - ‘मैं इन जगहों पर जा चुका हूँ.

पहली दुनिया : यूनिवर्सिटी की प्रयोगशाला, जिसमें मुझे ‘फ्यूम हुड’ तथा “ट्रायपोड्स पर रखी कुप्पियों की याद है. ये दुनिया मैंने गृहयुद्ध के दौरान छोड़ दी थी. इस बात पर बहस नहीं करेंगे कि मैंने परिणामों का विचार किये बिना ये काम किया. अविश्वसनीय साहसिक कारनामों के बाद (हाँलाकि, वैसे, अविश्वसनीय क्यों? – आखिर गृहयुद्ध के दौरान किसने अविश्वसनीय कारनामों का सामना नहीं किया था?), संक्षेप में, इसके बाद मैं “शिपिंग कंपनी” में पहुँच गया. किस वजह से? छुपाऊँगा नहीं. मैं मन में लेखक बनने का सपना संजोये था. तो, इससे क्या? मैंने ‘शिपिंग कंपनी’ की दुनिया भी छोड़ दी. और, वाकई में, जिस दुनिया में जाने का मैं प्रयत्न कर रहा था, वह दुनिया मेरे सामने खुल गई, और वहाँ ऐसी घटना हुई कि वह मुझे फ़ौरन असहनीय लगने लगी. जैसे पैरिस की कल्पना करते  ही मेरे भीतर सिहरन दौड़ जाती है और मैं दरवाज़े के भीतर नहीं घुस सकता. और ये शैतान वसीली पित्रोविच! तित्यूषी में बैठा रहता! और इस्माईल अलेक्सान्द्रविच चाहे कितना ही प्रतिभावान क्यों न हो, पैरिस में सब कुछ बहुत घिनौना है. तो, इसका मतलब, मैं किसी शून्य में रह गया हूँ? बिल्कुल ठीक.

तो फिर क्या, जब तूने ये काम हाथ में ले ही लिया है तो, बैठ और दूसरे उपन्यास की रचना कर ले, और पार्टियों में नहीं भी जा सकता है. बात पार्टियों की नहीं है, बल्कि असल बात तो ये है, कि मैं वाकई में नहीं जानता था कि ये दूसरा उपन्यास किस बारे में होना चाहिए? मानवता को क्या दिखाना है? यही तो सारी समस्या है.

वैसे, उपन्यास के बारे में. सच का सामना करें. उसे किसीने नहीं पढ़ा था. पढ़ भी नहीं सकता था, क्योंकि ज़ाहिर है, किताब को वितरित करने से पूर्व ही रुदल्फी गायब हो गया था. और मेरे दोस्त ने भी, जिसे मैंने एक प्रति भेंट में दी थी, उसने भी नहीं पढ़ा था. यकीन दिलाता हूँ.

हाँ, वैसे: मुझे यकीन है, कि इन पंक्तियों को पढ़ने के बाद कई लोग मुझे बुद्धिजीवी और न्यूरोटिक (विक्षिप्त) कहेंगे. पहले के बारे में तो बहस नहीं करूंगा, मगर दूसरे के बारे में पूरी संजीदगी से आगाह करता हूँ, कि ये झूठ है. मुझमें तो न्यूरेस्थेनिया (विक्षिप्तता) का लेशमात्र भी नहीं है. और वैसे, इस शब्द को इधर-उधर फेंकने से पहले, सही तरह से यह जानना होगा, कि न्यूरेस्थेनिया आखिर है क्या, और इस्माईल अलेक्सान्द्रविच की कहानियाँ सुनना होगा. मगर ये एक अलग बात है. सबसे पहले तो ज़िंदा रहना ज़रूरी था, और इसके लिए पैसे कमाना था.

तो, मार्च की बकवास बंद करके, मैं काम पर गया. यहाँ तो ज़िंदगी जैसे मुझे गर्दन से पकड़कर पथभ्रष्ठ बेटे की तरह वापस ‘शिपिंग कंपनी’ में ले आई. मैंने सेक्रेटरी से कहा, कि मैंने उपन्यास लिखा है. इसका उस पर कोई असर नहीं हुआ. संक्षेप में, मैं इस बात पर राजी हो गया, कि हर महीने चार लेख लिखूंगा. इसके लिए मुझे नियमानुसार मेहनताना प्राप्त होगा. इस तरह, कुछ आर्थिक आधार का जुगाड़ तो हो गया. प्लान ये था कि जितनी जल्दी हो सके, इन लेखों का बोझ कन्धों से उतार दूँ और रातों को फिर से लिखूं.

पहला भाग तो मैंने पूरा कर लिया, मगर दूसरे भाग के साथ शैतान जाने क्या हुआ. सबसे पहले मैं किताबों की दुकानों में गया और आधुनिक लेखकों की रचनाएं खरीदीं. मैं जानना चाहता था, कि वे किस बारे में लिखते हैं, इस कला का जादुई रहस्य क्या है.

क़िताबें खरीदते समय मैंने पैसे की फ़िक्र नहीं की, बाज़ार में उपलब्ध सबसे बढ़िया चीज़ें खरीदता रहा. सबसे पहले मैंने इस्माईल अलेक्सान्द्रविच की रचनाएं, अगाप्योनव की किताब, लिसासेकव के दो उपन्यास, फ़्लविआन फिआल्कोव के दो कथा संग्रह और भी बहुत कुछ खरीदा.

सबसे पहले, बेशक, मैं इस्माईल अलेक्सान्द्रविच की ओर लपका. जैसे ही मैंने आवरण पर नज़र डाली, एक अप्रिय भावना मुझे कुरेदने लगी. किताब का शीर्षक था “ पैरिस के अंश”. आरंभ से अंत तक वे सभी मुझे जाने-पहचाने लगे. मैंने नासपीटे कन्द्यूकोव को पहचाना, जिसने ऑटोमोबाईल प्रदर्शनी में उल्टी कर दी थी, और उन दोनों को भी, जो शान-ज़िलीज़ पर हाथा-पाई कर बैठे थे (एक था, शायद, पमाद्किन, दूसरा – शिर्स्त्यानिकव), और उस बदमाश को भी जिसने ‘ग्रांड ओपेरा’ में अभद्र रूप से मुट्ठी दिखाई थी. इस्माईल अलेक्सान्द्रविच असाधारण प्रतिभा से लिखता था, उसकी तारीफ़ करनी ही चाहिए, और उसने पैरिस के बारे में मेरे मन में एक भय की भावना पैदा कर दी.

अगाप्योनव ने, लगता है, अपना कथा-संग्रह – ‘त्योतुशेन्स्काया गमाज़ा’ - पार्टी के फ़ौरन बाद प्रकाशित कर दिया. यह अनुमान लगाना मुश्किल नहीं था, कि वसीली पित्रोविच कहीं भी रात बिताने का इंतज़ाम नहीं कर पाया था, वह अगाप्योनव के यहाँ रात गुजारता था, जिसे खुद को ‘बेघर देवर’ की कहानियों का इस्तेमाल करना पडा. सब कुछ समझ में आ रहा था, सिवाय पूरी तरह आगामी शब्द ‘गमाज़ा’ के.

मैंने दो बार लिसासेकव के उपन्यास ‘हंस’ को पढ़ना शुरू किया, दो बार पैंतालीसवें पृष्ठ तक पढ़ा गया और फिर से शुरू से पढ़ने लगा, क्योंकि भूल गया कि आरंभ में क्या था. इससे मैं सचमुच घबरा गया। मेरे दिमाग़ में कुछ गड़बड़ हो रही थी – या तो मैं गंभीर बातें समझना भूल गया था या अभी तक उन्हें समझ नहीं पाया था. और मैंने लिसासेकव को हटा कर फ़्लाविआन को पढ़ना शुरू किया और लिकास्पास्तव को भी, और इस अंतिम लेखक ने मुझे आश्चर्यचकित कर दिया. खासकर, उस कहानी को पढ़ते हुए, जिसमें किसी विशिष्ट पत्रकार का वर्णन किया गया था ( कहानी का शीर्षक था ‘ऑर्डर पर किराएदार’), मैंने फटे हुए सोफे को पहचान लिया, जिसके भीतर से स्प्रिंग बाहर उछल आई थी, मेज़ पर सोख्ता...मतलब, कहानी में वर्णन किया था...मेरा!

पतलून भी वही, कन्धों के बीच खींचा हुआ सिर और भेडिये जैसी आंखें...मतलब, एक लब्ज़ में, मैं ही था! मगर, हर उस चीज़ की, जो मुझे ज़िंदगी में प्रिय थी, कसम खाकर कहता हूँ, कि मेरा वर्णन ईमानदारी से नहीं किया गया था. मैं बिल्कुल भी चालाक नहीं हूँ, लालची नहीं हूँ, शरारती नहीं हूँ, झूठा नहीं हूँ, पदलोलुप नहीं हूँ, और ऐसी बकवास, जैसी इस कहानी में है, मैंने कभी भी नहीं की!

लिकास्पास्तव की कहानी को पढ़कर मुझे अवर्णनीय दुःख हुआ. और मैंने खुद को निष्पक्ष भाव से और कठोरता से देखने का निर्णय कर लिया, और इस निर्णय के लिए मैं लिकास्पास्तव का अत्यंत आभारी हूँ.

मगर मेरे दुःख और अपनी अपरिपूर्णता के बारे में मेरे विचारों का मूल्य, खासकर, कुछ भी नहीं था, उस भयानक आत्मज्ञान के मुकाबले में, कि मैं सर्वश्रेष्ठ लेखकों की पुस्तकों से कुछ भी हासिल नहीं कर पाया था, कोई रास्ता, जैसा कहते हैं, नहीं खोज पाया, अपने सामने कोई रोशनी नहीं देख पाया, और मैं हर चीज़ से बेज़ार हो गया. और एक घृणित विचार किसी कीड़े की तरह मेरे दिल को कुरेदने लगा, कि मैं कभी भी लेखक नहीं बन पाऊंगा. और तभी एक और भयानक विचार से टकराया, कि ...तो फिर लिकास्पास्तव जैसे लेखक कैसे बनते हैं? हिम्मत करके कुछ और भी कहूंगा: और अचानक वैसे, जैसा अगाप्योनव है? गमाज़ा? गमाज़ा क्या है? और काफ़िर किसलिए? ये सब बकवास है, आपको यकीन दिलाता हूँ!    

निबंधों से परे मैंने बहुत सारा समय अलग-अलग तरह की किताबें पढ़ते हुए, सोफे पर बिताया, जिन्हें जैसे-जैसे मैं खरीदता गया, लंगडी किताबों की शेल्फ में और मेज़ पर और बस कोने में रखता गया. मेरी अपनी रचना के साथ मैंने ऐसा किया कि बची हुई नौ प्रतियों और पांडुलिपि को मेज़ की दराजों में रख दिया, उन्हें चाभी से बंद कर दिया और फैसला कर लिया कि ज़िंदगी में उनकी ओर कभी नहीं लौटूंगा.

एक बार बर्फानी बवंडर ने मुझे जगा दिया. मार्च तूफ़ानी था और चिंघाड़ रहा था, हांलाकि समाप्त होने को था, और फिर से, जैसे तब, मैं आंसुओं तर जाग गया! कैसी कमजोरी, आह, कैसी कमजोरी है! और फिर से वे ही लोग, और फिर से दूरस्थ शहर, और पियानो का किनारा, और गोलीबारी, और फिर से कोई बर्फ़ में गिरा हुआ.

ये लोग सपनों में पैदा होते, सपनों से बाहर आते और मेरी कोठरी में बस जाते. ज़ाहिर था कि उनसे इस तरह अलग होना संभव नहीं था. मगर उनके साथ किया क्या जाए?

शुरू में तो मैं सिर्फ बातें करता रहा, मगर फिर भी उपन्यास तो मुझे दराज़ से बाहर निकालना ही पडा, अब मुझे शाम को ऐसा प्रतीत होने लगा, कि सफ़ेद पृष्ठ से कोई रंगीन चीज़ उभर रही है. गौर से देखने पर, आंखें सिकोड़ कर देखने पर, मुझे यकीन हो गया की यह एक चित्र है. और ऊपर से ये चित्र समतल नहीं है, बल्कि तीन आयामों वाला है. जैसे कोई डिब्बा हो, और उसमें पंक्तियों के बीच से दिखाई दे रहा है: रोशनी जल रही है और उसमें वे ही आकृतियाँ घूम रही हैं जिनका उपन्यास में वर्णन किया गया है. आह, ये कितना दिलचस्प खेल था, और मैं कई बार पछताया कि बिल्ली अब इस दुनिया में नहीं है और यह दिखाने के लिए कोई नहीं था कि छोटे से कमरे में पृष्ठ पर लोग कैसे घूम रहे हैं. मुझे यकीन है कि जानवर अपना पंजा निकाल कर पृष्ठ को खरोंचने लगता. मैं कल्पना कर सकता हूँ, कि बिल्ली की आंख में कैसी जिज्ञासा चमक रही होगी, कैसे उसका पंजा अक्षरों को खरोंच रहा होगा!

समय के साथ किताब वाला कमरा आवाज़ करने लगा. मैंने स्पष्ट रूप से पियानो की आवाज़ सुनी. सही है, कि अगर मैं किसी से इस बारे में कहता, तो यकीन कीजिये, मुझे डॉक्टर के पास जाने की सलाह दी जाती. कहते, कि फर्श के नीचे पियानो बजा रहे हैं, और ये भी कहते, संभव है, कि निश्चित रूप से बजा रहे हैं. मगर मैं इन शब्दों पर ध्यान नहीं देता. नहीं, नहीं! मेरी मेज़ पर पियानो बजा रहे हैं, यहाँ कुंजियों की शांत झंकार हो रही है. मगर ये तो कम ही है. जब घर शांत हो जाएगा और नीचे कुछ भी नहीं बजा रहे होंगे, मैं सुनूंगा, कि कैसे बवंडर के बीच से व्याकुल और डरावना हार्मोनियम चिघाड रहा है, और क्रोधित और दयनीय आवाजें हार्मोनियम के साथ मिलकर कराह रही हैं, कराह रही हैं. ओह, नहीं, ये फर्श के नीचे नहीं है. कमरा बुझ क्यों रहा है, पन्नों पर द्नेप्र के ऊपर वाली शीत ऋतु की शाम क्यों छा रही है, घोड़ों के थोबड़े, और उनके ऊपर टोपियाँ पहने लोगों के चेहरे. और मैं देखता हूँ तेज़ तलवारें, और सुनता हूँ, आत्मा को चीरती हुई सीटी. ये, हांफते हुए एक छोटा-सा आदमी भाग रहा है. तम्बाकू के धुएँ के बीच मैं उसका पीछा करता हूँ, मैं अपनी आंखों पर ज़ोर डालता हूँ और देखता हूँ: आदमी के पीछे एक चमक हुई, गोली चली, वह हांफते हुए पीठ के बल गिर जाता है, जैसे किसी तेज़ चाकू से उसके दिल पर सामने से वार किया गया हो. वह निश्चल पडा है, और सिर से काला पोखर फ़ैल जाता है. और ऊंचाई पर चाँद है, और दूर पर बस्ती की उदास, लाल रोशनियों की श्रृंखला.

पूरी ज़िंदगी ये खेल खेला जा सकता था, पन्ने की तरफ देखते हुए...मगर इन आकृतियों को कैसे पक्का करके रखेंगे? इस तरह, कि वे कहीं और न भाग जाएं?

और एक रात को मैंने इस जादुई डिब्बे का वर्णन करने का निश्चय कर लिया. कैसे करूँ उसका वर्णन?

बिल्कुल आसान है. जो देखते हो, वही लिखो, और जो नहीं देखते, उसका वर्णन करने की ज़रुरत नहीं है. यहाँ: चित्र रोशन होता है, चित्र चमकता है. क्या वह मुझे अच्छा लगता है? बेहद. तो, मैं लिखता हूँ: पहला चित्र. मैं देखा रहा हूँ शाम का मंज़र, लैम्प जल रहा है. पियानो पर नोट्स खुले पड़े हैं. ‘फ़ाऊस्ट’ बजा रहे हैं. अचानक ‘फ़ाउस्ट’ खामोश हो जाता है, मगर गिटार बजने लगता है. कौन बजा रहा है? वो हाथ में गिटार लिए दरवाज़े से बाहर निकलता है. सुन रहा हूँ – वह गुनगुना रहा है. लिखता हूँ – गुनगुना रहा है.

हाँ, लगता है की यह एक आकर्षक खेल है! पार्टियों में जाने की ज़रुरत नहीं है, न ही थियेटर में जाने की कोई ज़रुरत है.

तीन रातें मैंने पहली तस्वीर से खेलते हुए बिताईं, और इस रात के अंत में मैं समझ गया की मैं नाटक लिख रहा हूँ.

अप्रैल के महीने में, जब आँगन से बर्फ गायब हो चुकी थी, पहला अंक तैयार हो गया था. मेरे नायक हलचल कर रहे थे, घूम रहे थे, और बातें कर रहे थे.

अप्रैल के अंत में ईल्चिन  का पत्र आया.

और अब, जब पाठक को उपन्यास का इतिहास ज्ञात है, मैं अपना कथन वहां से जारी रख सकता हूँ, जब मैं ईल्चिन  से मिला था.